सदियाँ गुजर जाती हैं
यह आभास होने में
कि वे गुलाम हैं।
पीढ़ियाँ बीत जाती हैं
यह समझने में
कि बेड़ियाँ भी बेड़ियाँ हैं।
फिर यह उम्मीद करना
कि क्रांति एक दिन में घटेगी,
परिवर्तन एक रात में होगा,
स्वयं को दिया गया
एक सुंदर धोखा है।
नदियाँ बूंद-बूंद भरती हैं।
पर्वत कण-कण घिसते हैं।
बीज धीरे-धीरे फूटता है।
चेतना भी
इसी नियम का पालन करती है।
जो अंधेरा
सदियों में भीतर उतरा हो,
वह एक सुबह में नहीं जाता।
क्रांति कोई विस्फोट नहीं,
एक लंबी जाग है।
और जागना
हमेशा धीरे-धीरे होता है।
- देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment