जब बिकती हैं सड़कें,
तो केवल डामर नहीं बिकता,
बिक जाती है
उस धूल की स्मृति भी
जिस पर नंगे पाँव चलकर
किसी किसान ने
अपने बच्चे के लिए भविष्य बोया था।
जब बिकते हैं जलाशय,
तो केवल पानी नहीं जाता,
सूख जाती है
उन आँखों की पारदर्शिता
जिनमें कभी
बरसात का पहला बादल उतरता था।
तुम ताली बजाते हो
और उधर
धीरे-धीरे तुम्हारे हाथों से
छीन लिया जाता है
निर्णय का अधिकार।
वे कहते हैं
सब कुछ अधिक सुगठित होगा,
अधिक चमकदार,
अधिक आधुनिक।
किन्तु वे नहीं बताते
कि उस चमक के भीतर
तुम्हारी ही परछाईं
सबसे पहले अदृश्य होगी।
सार्वजनिक संस्थान
केवल इमारतें नहीं होते,
वे उस सामूहिक विश्वास के वृक्ष हैं
जिसकी छाया में
एक रिक्शेवाला,
एक दिहाड़ी मज़दूर,
एक खेत से लौटा किसान,
एक छात्र जिसकी जेब में
सपनों के अतिरिक्त कुछ नहीं,
एक वृद्ध पेंशनभोगी,
एक बीमार माँ को गोद में उठाए खड़ा पुत्र,
और एक छोटी नौकरी के सहारे
घर चलाती स्त्री भी
अपने हिस्से का आसमान खोज लेती है।
उनके बिक जाने का अर्थ
केवल स्वामित्व का बदलना नहीं,
यह उस भाषा का मर जाना है
जिसमें जनता
राज्य से प्रश्न पूछ सकती थी।
फिर एक दिन
तुम पाओगे
तुम्हारे शहर में
सब कुछ मौजूद है,
पर तुम्हारा कुछ भी नहीं।
नदी बहेगी
पर उसका घाट किसी और का होगा,
बिजली जलेगी
पर उसके उजाले पर
तुम्हारा अधिकार नहीं होगा।
और तब
तुम्हें याद आएँगी
वे पुरानी दीवारें
जिन पर शिकायतें लिखी जा सकती थीं,
वे दफ्तर
जहाँ क्रोध में काँपती हुई आवाज़ भी
किसी अधिकारी की मेज़ तक पहुँच जाती थी।
इसलिए
जब अगली बार
किसी सार्वजनिक संस्था के बिकने पर
उत्सव मनाया जाए,
तो ज़रा ठहरना
और पूछना स्वयं से,
कहीं ऐसा तो नहीं
कि बाज़ार की इस चकाचौंध में
तुम्हारे हिस्से का गणराज्य
धीरे-धीरे नीलाम हो रहा है।
- देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment