वे लड़के
जिनके हिस्से में आई है
विरासत की धूप
पर तपना नहीं पड़ा कभी
जिनकी हथेलियों पर
रेखाएँ तो हैं
पर श्रम की खुरदरी स्याही नहीं।
उनके आँगन में
सुविधाओं का एक वृक्ष है
फल से लदा हुआ
पर जड़ों तक जाने की
कोई ज़रूरत नहीं पड़ी उन्हें।
वे जन्म से ही
संभावनाओं के शिखर पर खड़े हैं
इसलिए गिरने का अर्थ
सिर्फ़ चोट नहीं
पहचान का विखंडन होता है।
उनकी इच्छाएँ
पूरी होने से पहले ही
थक जाती हैं
क्योंकि प्रतीक्षा का सौंदर्य
उन्होंने जाना ही नहीं।
कुछ बड़े घरों की दीवारें
सिर्फ़ ऊँची नहीं होतीं
वे समय को भी रोक लेती हैं
जहाँ अनुभव की ऋतु
आती ही नहीं।
और तब
अंदर एक रिक्ति जन्म लेती है
धीरे, चुपचाप,
जैसे किसी बंद कमरे में
हवा अपना अर्थ खो दे।
वे बिगड़ते नहीं
वे दरअसल
अर्थ की तलाश में भटकते हैं
उन रास्तों पर
जहाँ कोई मानचित्र नहीं होता।
उनके अपराधों में
अक्सर एक मौन प्रश्न छिपा होता है
मैं कौन हूँ
इन सबके बिना?
और उत्तर
इतना सरल भी नहीं,
कि संपत्ति के साथ
विरासत में मिल जाए।
- देवेंद्र प्रताप वर्मा ' विनीत '
No comments:
Post a Comment