उसका मानना था कि
वह किसी बायोलॉजिकल प्रोसेस से नही अपितु
किसी दैवीय संकल्प से जन्मा था।
इसी वैचारिक प्रवाह में वह निकला
अपनी ही छाया के विस्तार को मापने,
और काट डाले उसने
जंगलों के मौन वाक्य।
वृक्षों की जड़ों में बसी
धरती की प्रार्थनाएँ
उसकी आरी की धार पर काँप उठीं।
झाड़ियों से उठी एक चिड़िया
उसकी आँखों में प्रश्न था,
“कितनी ऊँचाई चाहिए तुम्हें,
जहाँ हवा भी न पहुँचे?”
पहाड़ उसने तोड़ दिए,
क्योंकि उन्हें स्थिर देखकर
उसे अपने चलने पर संदेह होता था।
नदियाँ मोड़ दीं उसने,
क्योंकि वे बहकर
किसी और दिशा में जाती थीं।
फिर एक दिन उसने
पत्थरों के बीच खोजा ईश्वर
मस्जिद को ढहा,
मंदिर की नींव में झाँका।
धरती ने मौन होकर
अपनी छाती खोली
एक पुराना शिखर निकला,
उस पर जमी धूल ने कहा
“मैं थी तुम्हारे ही पूर्वजों की आस्था।”
उसकी आँखें लाल थीं,
छाती चौड़ी
पर नींद,
नींद कहीं गुम हो गई थी।
और जब एक रात
उसे अपने भीतर का शोर सहा न गया,
तो उसने उस मंदिर को भी तोड़ दिया।
और गहराई में खोदता चला गया
जहाँ पत्थरों के नीचे,
मिट्टी के भीतर,
एक शांत चेहरा था
'बुद्ध' का।
क्षणभर के लिए हवा थम गई
मौन ने उसके चारों ओर
ध्यान का घेरा बनाया,
पर वह चीख पड़ा
“यह भी मेरे शिखर में बाधा है!”
और वह खोदता गया
अहंकार का फावड़ा लिए
गहराई के गर्त तक,
जहाँ न प्रकाश था, न छाया,
केवल गिरना था
लगातार गिरना।
उसके पीछे
गिरते गए वे सब
जो उसकी जयकार कर रहे थे।
धरती जो सबको धारण करती है
सबका पालन करती है
जिसे वो शूद्र कहता था
उसने थरथराते हुए
उन सब पर अपनी नमी बिछा दी,
और जंगल
फिर से अंकुरित हुए इस संदेश के साथ कि
जो गहराई तुम दूसरों की नींव में खोदोगे,
अंततः वही तुम्हारी कब्र बन जाएगी।
ईश्वर अहंकार की मिट्टी में नहीं
मौन में मिलता है।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment