समुद्र शांत था,
लहरें धीमी थीं,
नीचे, अंधेरे में,
एक सीप बंद आँखों से
अपनी ही देह के भीतर
एक छोटे से कण का दुःख सँभाल रही थी।
वह कण कोई खजाना नहीं था
वह दर्द था,
एक चुभन, एक घाव,
जो जीवित रहने की इच्छा से
सहज ही ढक दिया गया
चमकदार नेकर की परतों में।
धीरे-धीरे,
दर्द पर सुंदरता की परतें चढ़ती गईं,
जैसे कोई आत्मा
अपने आँसुओं को मुस्कान में बदलने का अभ्यास करती है।
पर तभी मनुष्य आया
जिसकी आँखों में
तृष्णा थी, मूल्य था, बाज़ार था।
उसके पास
समुद्र सुनने का धैर्य नहीं,
दर्द समझने की संवेदना नहीं,
केवल चमक को बेचने का हिसाब था।
उसने सीप को उठाया,
खोल जबरन खोला,
नाज़ुक झिल्ली चिरी,
जीव काँप उठा।
पर मनुष्य को लगा
“ये बस एक जीव है,
भावनाएँ कहाँ होती हैं इससे छोटे प्राणियों में?”
और सीप चीखी
बिना आवाज़ के,
बिना आँसुओं के,
बिना भाषा के,
बिना शब्दों के।
उसकी चीख
सिर्फ़ समुद्र ने सुनी।
फेन उठी लहरों के हृदय में
एक सूक्ष्म कंपन थरथराया।
पर धरती पर,
बाज़ार में,
मोती की चमक
हवा में गूँजती आवाज़ को चुप कर देती है।
क्रूरता,
हमेशा हथियारों से नहीं होती,
कभी-कभी
संवेदना के अभाव से जन्म लेती है।
मानव ने सोचा
“सुंदर चीज़ें मेरी होनी चाहिएं।
चमक मेरी होनी चाहिए।
समुद्र की गूँज मेरे आभूषणों में होनी चाहिए।”
वह भूल गया
सुंदरता का असल मूल
किसी का सहा हुआ दर्द था।
फिर यह कथा समुद्र से बढ़ी
मनुष्य खेतों तक पहुँचा,
जानवरों के शरीर पर जूते बनाए,
पक्षियों को पिंजरों में,
पर्वतों को खान में,
नदियों को बाँधों में,
और जीवों की चीखों को
भजनों में बदल दिया।
वह हर उस चीज़ पर अधिकार चाहता रहा
जो जीवित थी,
क्योंकि उसे लगा
उसका जन्म
राजा की तरह हुआ है,
शेष सब सेवक हैं।
पर समुद्र जानता है
हर लहर का हृदय
एक स्मृति रखता है।
सीप की हर पीड़ा
उसकी गहराई में दर्ज हो जाती है।
कभी-कभी
रात में,
जब हवा तेज़ बहती है,
और समुद्र बेचैन सा दिखता है
तो वह मोती की चीख
फिर सुनाई देती है।
एक सवाल की तरह
धीमा, गहरा, नंगा
“क्या मानव को सुंदरता चाहिए,
या उस सुंदरता के पीछे छुपा हुआ
किसी जीव का रोता हुआ इतिहास भी दिखेगा कभी?”
और शायद
यही हमारी सभ्यता की सबसे बड़ी त्रासदी है
हम सुंदरता तो चुन लेते हैं,
पर दर्द को अनदेखा कर देते हैं।
मोती की चमक
आज भी बाज़ार में बिकी है
और समुद्र ने आज भी
एक चीख निगल ली है।
जो मनुष्य के कानों में कभी नहीं पहुँचेगी।
No comments:
Post a Comment