जब तुमको विश्रांति मिले
जग के झूठे उपमानों से,
मेरी स्मृतियों की लौ से
तब इक दीप जला देना।
दुख में अश्रु भरे नैनों से
बिलख बिलखकर रोये होगे,
सुख में हँसकर अपने श्रम के
प्रतिमानों में खोये होगे।
मेरी चाह नहीं कि तुमको
लक्ष्य से अपने विचलित कर दूँ,
तरकश में जाने कितने
स्वप्नों के तीर संजोए होगे।
इतना तो अधिकार है फिर भी
संग बिताए पल दो पल का,
मेरे हिस्से के कुछ अश्रु
मुझको भेंट चढ़ा देना।
जब तुमको विश्रांति मिले
जग के झूठे उपमानों से,
मेरी स्मृतियों की लौ से
तब इक दीप जला देना।
इक कुटिया का नन्हा सपना
रोज मेरे सिरहाने आता,
दो नदियों के संगम में
कुम्भकलश सुधा बरसाता।
ईश रच रहा जो ये पावन
अन्तर्मन की गहराई में,
आकांक्षा कहती है प्रतिपल
काश स्वप्न ये सच हो जाता।
कुछ तो अर्थ रहा होगा
उन अधिकल्पित संयोगो का,
ये गीत पहुँच जाए तुम तक तो
आनंदित हो गा लेना।
जब तुमको विश्रांति मिले
जग के झूठे उपमानों से,
मेरी स्मृतियों की लौ से
तब इक दीप जला देना।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment