फलक से सितारों के
सलाम होते हैं
जो राम और रहमान
दोनों साथ होते हैं।
ये मज़हबी झगड़े
सियासत की कलाबाजी है
वर्ना मुल्क की तरक्की में
सबके हाथ होते हैं।
उर्दू मराठी मैथिली
हिंदी संस्कृत सब एक हैं
भाषा की बेटियों के लक्ष्य
परमार्थ होते हैं।
बाहर भटकने से
कहीं बेहतर है भीतर झांकना
हृदय में सबके बुद्ध
और सारनाथ होते हैं।
मात-पिता की सेवा से
जो खुद को वंचित रखते हैं
वो बड़े बदनसीब और
अनाथ होते हैं।
पायल न मिले पांव में
धागा ही बांध लें
सुख ऐसी लड़कियों के
सरमाथ होते हैं।
मौका मिले जब भी
मदद को आगे आइए
आप जैसे ही तो
जग में दीनानाथ होते हैं।
जुल्म और अन्याय
मिट जाता है उसी क्षण
सच के लिए सभी
जब एकसाथ होते हैं।
No comments:
Post a Comment