Thursday, October 16, 2025

अनियंत्रित स्वच्छंदता

*अनियंत्रित स्वच्छंदता*

स्वछंदता! मत कहो कि यह
वह आकाश है, जहाँ
निर्बाध उड़ान की पहचान है।
दरअसल, यह एक और पिंजरा है 
जिसकी सलाखें, मन की कोटर में
अदृश्य रूप से गढ़ी हैं।
​जब सीमाएँ टूटीं, तब
वह जो मुक्त हुआ,
वह ईश्वरत्व नहीं,
एक सर्प था।
फन फैलाए, अपनी ही छाया में
विष का अर्क बुनता।
​कहाँ गया वह निष्कलुष बालपन?
कहाँ वह नैसर्गिक प्यास, जो
केवल जल को जल मानती थी?
यह जो अतिक्रमण है
हर वर्जित द्वार पर दस्तक,
हर अर्थ का अनर्थकारी विच्छेद—
यह चालाकी है।
वह चतुराई है, जो
आत्मा की कीमत पर,
क्षण को साधती है।
​देखो! वह देह नहीं,
केवल एक उपकरण है
चलता-फिरता, निर्णायक
और निर्मम।
वह हर सत्य को
अपने लाभ में परिवर्तित करता है।
यह धूर्तता है, कि
स्वतंत्रता को केवल अधिकार माना जाए,
और दायित्व को
एक भ्रम की भाँति त्यागा जाए।
​अंतिम सत्य-
अति की कोई भी रेखा
सिर्फ़ शून्य तक ले जाती है।
और शून्य में,
सबसे अधिक अकेला
और सबसे अधिक डरपोक
होता है, वह स्वयं
जो स्वछंद होने के भ्रम में
स्वार्थ का गुलाम बन गया।

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...