Sunday, October 5, 2025

सत्य का धागा

*सत्य का धागा*

मैंने उसे नहीं देखा कभी
पर हर सुबह, 
जब जल उठती हूँ दीपक सी,
मेरे हाथों की लौ में
वह झिलमिलाता है
एक अदृश्य स्पर्श बनकर।

वह है 
मेरे जल में प्रवाहित निस्तब्धता,
मेरे श्रम में लय,
मेरे वचनों में अनकहा नाद।

जब मैं तुलसी में जल चढ़ाती हूँ,
वह मुझमें चढ़ जाता है श्रद्धा बनकर;
जब मैं रोटी सेंकती हूँ,
वह धुएँ में लिपटकर
मां की हथेलियों की गंध बन जाता है।

मैं जानती हूँ 
सत्य वही एक धागा है
जो जीवन की बिखरी झालर को
मौन में पिरोए रखता है।
हर सांस में वह मुझसे कहता है
"देखो, मैं तुम्हारे भीतर ही हूँ।"

और तब मैं ठिठक जाती हूँ,
क्योंकि मेरा हर कर्म, हर स्पंदन,
उसकी अनदेखी आँखों की दृष्टि में
ज्योति बनकर चमक उठता है।

जब तक मैं उसे न देख लूँ
अपने ही हाथों की रेखाओं में,
अपने ही आँसुओं की चमक में
मैं स्वयं को धन्य न मानूँगी।

वह धागा ही मेरा सहारा है,
जो टूटी हुई आत्मा को
फिर से जोड़ देता है
अदृश्य, किंतु अमर।


          -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...