Tuesday, August 19, 2025

मैं नारी हूँ

*मैं नारी हूँ*

मैं नारी हूँ —
किंवदंतियों की मूक मूर्ति नहीं,
मैं वह प्रश्न हूँ
जो उत्तर माँगता है
तर्क के वृत्त में, श्रद्धा के बाहर।

मैं गढ़ी नहीं जाती
चूड़ी, आँचल या सिंदूर से —
मैं गढ़ती हूँ
सभ्यताओं की नींव,
जन्म देती हूँ सिर्फ़ संतानों को नहीं,
संभावनाओं को भी।

मेरे अधरों पर गीत नहीं
घोंट दिए गए स्वप्न रहते हैं,
मेरे नयन कभी
निर्मला सी झील नहीं होते,
कभी वे अंगार बनते हैं
अन्याय के विरुद्ध।

मैं सिर्फ़ 'माँ' नहीं,
मैं 'मैं' भी हूँ।
मैं सहेजती हूँ —
टूटे हुए विश्वास,
उजड़े घर, और खुद को भी।

मेरे मौन में
पूरा एक युग बसता है,
और मेरे क्रंदन में
क्रांति का बीज।

तुमने मुझे बाँधा —
कभी मर्यादा में, कभी परंपरा में,
पर मैंने उड़ना नहीं छोड़ा,
फिर भी रचा
प्रेम, सौंदर्य, जीवन और उजास।

अब मैं प्रश्न नहीं,
उत्तर भी हूँ।
अब मैं पीड़िता नहीं,
निर्माता हूँ।
अब मैं प्रतीक्षा नहीं,
पथ भी हूँ, गति भी हूँ।

मैं नारी हूँ —
एक अस्तित्व नहीं,
एक अनुभव हूँ
जिसे कोई एक नाम नहीं दे सकता।

मेरे रुधिर की गंध
इतिहास की गलियों में बहती है,
और मेरी आत्मा की उजास
भविष्य के पृष्ठों पर जलती है
दीपशिखा बन।

मैं जब चुप होती हूँ,
तब शब्द जन्म लेते हैं —
कविता की तरह,
वेदना की तरह,
या कभी एक तूफ़ान की तरह।

तुम मुझे देख नहीं सकते
बस एक देह की सीमा में —
मैं जल हूँ, भूमि हूँ,
बीज भी, और वृक्ष भी।

मैं क्षमा भी हूँ —
पर यदि तुम अन्याय बोओगे,
तो मैं प्रतिकार की अग्नि भी बन जाऊँगी।

मेरे आँचल में
केवल दया नहीं —
ज्ञान भी है, शक्ति भी है,
और वो साहस भी
जो युगों को बदल दे।

मैं नारी हूँ
संघर्ष मेरा संस्कार है,
और सृजन मेरा धर्म।

       -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...