Tuesday, August 19, 2025

साथ की चुप्पी

*साथ की चुप्पी*

अगर कभी
हमारा साथ
तुम्हारे भीतर
एक बोझ-सा महसूस हो 
तो मत निभाना,
क्योंकि रिश्ते
सिर्फ साथ चलने से नहीं,
भीतर से उगते हैं
जैसे चुपचाप
कोपलों में बदलती कोई हरी आकांक्षा।

जब साथ
मन के भीतर से सूखने लगे,
तो बाहर की मुस्कानें
नमक जैसी चुभने लगती हैं।
हमने तो
तुम्हारे नाम पर
हर मौसम को अपना बना लिया था 
पर नियति...
वो अक्सर
चांदनी में छिपाकर
शूल भेजती है।

एक समय था,
जब हम विश्वास करते थे
कि हर हाथ मिलाने वाला
साथ निभाएगा।
अब लगता है
कई हथेलियाँ
सिर्फ औपचारिकताएँ होती हैं 
भीतर कुछ न कुछ
छुपा होता है,
जैसे आस्तीनों में
किसी बीते हुए दिन की धारदार चुप्पी।

इस बरस
बारिश सिर्फ भीगी नहीं,
उसने घरों की छतों पर
आग भी गिराई है।
जहाँ कभी
खिड़कियों से
हँसी और अल्हड़पन झाँकते थे,
अब वहाँ
धुआँ है,
सन्नाटा है,
और दीवारों से टपकती
बचपन की चुप्पियाँ हैं।

इतिहास भी
अजीब है 
हर बार नए नामों से
वही त्रासदी दोहराता है।
हम हर दिन
एक नई सुबह के भ्रम में
कल की राख को चाटते हैं।
जो कल बीत गया,
वो आज फिर लौट आया है 
थोड़ा और थका हुआ,
थोड़ा और कठोर।

और इन सबके बीच
वो आदमी,
जिसने सच्चाई का बोझ
अपने कंधों पर उठाया 
अब भी
धूप में खड़ा है,
छायाहीन,
किन्तु स्पष्ट।
उसकी आँखों में
जैसे कोई पुरानी नदी सूख रही हो,
पर होंठों पर
अब भी
कोई दबी हुई प्रार्थना टिकी है।

वहीं पास
एक अमीर की चमचमाती गाड़ी खड़ी है 
साये में डूबी,
ठंडी हवा से घिरी।
पर भीतर
साँसें घुट रही हैं,
और सुख का चेहरा
जैसे पिघलता हुआ मोम बन गया है।


           -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...