Tuesday, August 19, 2025

बहाव में एक देह

*बहाव में एक देह*

1. प्रारंभ – अनजाने प्रस्थान की चुप कथा

हम चले —
जैसे कोई अनपढ़ मानचित्र
अपने ही कंधे पर लटकाए
एक अज्ञात द्वार की ओर बढ़ता है।

ना कोई पुकार थी,
ना किसी सूखी मिट्टी ने रास्ता सुझाया,
बस वक़्त —
कंधे पर धूप का झोला लिए
हमें पीठ पीछे से धकेलता रहा।

छांव,
उदास बहन की तरह,
हर मोड़ पर हमसे लिपटती रही,
कुछ कहे बिना
कुछ छिपाए हुए।

2. दिशा के बहाने

हमने पतवार नहीं थामी,
हवाओं की उंगलियाँ
हमारी पीठ पर आकृतियाँ बनाती रहीं —
जैसे कोई पुरानी लिपि
जो हमें पढ़ नहीं आती।

हमने मान लिया—
कि बहना ही जीना है,
कि जो धारा कहे, वही धर्म है।
हमने प्रवाह को पंथ मान लिया
और थकान को तपस्या।

3. मूल्यहीन बाज़ार

चेहरों के पीछे चेहरों की भीड़ थी —
हर मुस्कान में मूल्य,
हर आलिंगन में सौदा।
रिश्ते अब सिक्कों की तरह झनकते थे
और अपनापन
किसी पुरानी करंसी की तरह
अप्रचलित हो चला था।

हमने जब साथ मांगा,
हमें रसीद थमा दी गई।

4. आईना और अनकहे शिशु

एक दिन
आईना हमारे सामने खड़ा हुआ,
ना कोई धुंध,
ना कोई दरार।

भीतर से एक बच्चा उभरा—
मौन,
मगर उसकी आँखें
गवाही बन गईं
उन दिनों की
जो हमने जानबूझ कर जिए नहीं।

5. विद्रोह की नमी

हमने शोर से विद्रोह नहीं किया।
हमने चुप्पी में बीज बोए—
प्रश्नों के।
और जब भीतर पहली हरियाली फूटी,
तो दीवारें कांपीं,
दरारें आईं,
मगर सत्ता ने उन्हें
कुर्सियों के पर्दों से ढक दिया।

6. नक़्शाविहीन रहनुमा

राहबर के पास
कांपता हुआ कम्पास था
और आंखों में
किसी और युग की थकान।

उसने जिस ओर इशारा किया,
वहां कोई रास्ता नहीं निकला—
सिर्फ़ धूल और अधूरे वादे।

7. नदी जिसे स्वप्न कहना मना था

हम चलते रहे—
जैसे कोई लोरी
जिसे माँ ने अधूरा छोड़ दिया हो।

हम बहते रहे—
एक ऐसी नदी की तरह
जिसके दोनों किनारे
दूसरे लोगों के थे।

हमारा पानी
कभी किसी की प्यास न बन सका,
हमारा बहाव
कभी किसी पुल के नीचे दर्ज न हुआ।

हम,
जिन्होंने जीवन को
बस चलने में गवां दिया,
आज ठहराव के नाम पर
सिर्फ़ एक खाली कटोरा लिए
खड़े हैं।

         -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...