*गुरु वंदना*
दुःखमय यह है जीवन सारा,
संघर्षों से डरा हुआ।
अज्ञान के अंधकार में,
अंतस भय से भरा हुआ।
दे आशीष हमें नित गुरुवर,
अंधकार सब हर लेना।
हो प्रकाशित दिनकर सा,
जीवन ज्योतिर्मय कर देना।
न ज्ञान कुंज मुरझाने पाए,
अहंकार न आने पाए।
चिर विनयशील आचरण रहे,
मन विकार न छाने पाए।
सत्य सरल को ग्रहण कर सकें,
झूठ का मर्दन मरण कर सकें।
क्षमा-दया श्रृंगार सुसज्जित,
मर्यादा का वरण कर सकें।
पग बारम्बार वंदना गुरुवर,
गुरु-भक्ति का अवसर देना।
जब अधर्म की आँधियाँ गरजती,
मानवता त्रस्त पुकार उठती।
हे विश्वामित्र! रचो राम पुनि,
गुरु संदीपनि दो गीता की धुनि।
शांति फिर फैले इस भू पर,
छूटें शस्त्र, न हो रण स्वर।
सत्य-सद्भाव पथ के राही बनें,
कृपा करो गुरु! हम उजियाले चुनें।
गुरु पूर्णिमा की शुभ बेला में,
मम पूजन अर्चन ग्रहण कर लेना।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment