हैं ईश्वर रहते संग सदा
मात-पिता के रूप में
वट वृक्षों की छाँव मिली है
गुरुजन के स्वरूप में।
माता प्रकृति स्वरूपिणी
पिता संस्कृति के उपहार
दोनों की सेवा से होता
जीवन का भवसागर पार।
है प्रथम पाठशाला परिवार
माँ ही पहली शिक्षक है
पिता कुटुंब के पालनकर्ता
उन्नति के संरक्षक हैं।
माँ के आंचल की छाया में
सब दुःख बौने हो जाते
जब नींद न आती रातों में
लोरी सुनकर सो जाते।
संतान की सुख की ख़ातिर
सारे दुःख सह लेती है
पूत कपूत हो लाख मग़र
माँ बद्दुआ नही देती है।
बैठ पिता के कांधे बच्चे
कद पर अपने इतराते
आसमान से बाते कर
दिनकर को आँख दिखाते।
मधु स्वप्नों को पंख लगाकर
ऊर्जा का करते संचार
सर्वस्व न्यौछावर कर देते
संतान कभी न जाये हार।
संस्कृति समाज व देश सदा
सुख के झूले पर झूले हैं
जो मात-पिता की सेवा से
परिवार फले और फूले है।
पिता-मात के प्रेम सा
सुख नही किसी लोक अपार
ईश्वर भी लालायित रहते
जन्म लेते हैं बार-बार।
-देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'
No comments:
Post a Comment