Thursday, June 19, 2025

आप की माया आप ही जाने

आपकी माया आप ही जाने
हम तो हैं बिल्कुल अनजाने।

पाक मोहब्बत की चौखट पर
रस रूप रंग के ताने बाने।

क्यों उस पर कोई जोर नही
फ़रमान सुनाता जो मनमाने।

बाहर खामोशी का ताला
भीतर यादों के तहख़ाने।

बड़ा हो गया अब न भाए
नए खिलौनो के बहाने।

अपने हाथ रख अपनी डोर
नही लगेगा तुझे नचाने।

ग़म के मारे सब महफ़िल में
अपने अपने हैं अफ़साने।

नया नहीं कोई दिखता है
चेहरे हैं जाने पहचाने।

लौट नही पाया फिर घर को
जो परदेश गया कमाने।

बड़े धैर्य से मिलना उससे
रूठ गए जो गए मनाने।

       -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...