Friday, June 13, 2025

वो शीर्ष पर हैं

वो शीर्ष पर थे
मिज़ाज में तल्ख़ी
लहज़ा सख्त था।
उन्हें शिकायत थी हमसे
हमारे काम से
बार-बार लगातार 
प्रश्न खड़े कर रहे थे
हमारी कुशलता पर
हमारी दक्षता पर
हजारों कमियां गिनाई
और दावा किया कि 
बहुत सुधार की आवश्यकता है।
प्रत्युत्तर में हमने अपना पक्ष रखा
उभयपक्षों की बात सुनी गई
और जब यह निष्कर्ष निकला
कि कमियां उनमें है 
और सुधार की आवश्यकता
हमें नही उन्हें है
तो उनका मिज़ाज हल्का 
और तबियत नम हो गई
सारी शिकायतें सब कमियां
बिना किसी सुधार के खत्म हो गईं।
किंतु वो अब भी शीर्ष पर हैं
और पुनः इसी प्रतीक्षा में हैं
कि कब उन्हें मिलेगा मौका
फिर से हमारी कमियां गिनाने का !
कब वो फिर से प्रश्नचिन्ह लगा सकेंगे
हमारी योग्यता कुशलता और दक्षता पर।
क्यों वो साथ नही चल सकते 
प्रगति पथ पर
हमारे साथ कंधे से कंधा मिला के। 
         -देवेंद्र प्रताप वर्मा 'विनीत'

No comments:

Post a Comment

दरवाजे का पाठ

एक चिड़िया घोंसला बदलती है उसे लगता है हवा पुराना पता भूल जाएगी लेकिन कुछ साए डाकियों से भी ज़्यादा पते याद रखते हैं वह ...