तुम लिखते रहो
उनके लिए
जो सुनना चाहते हैं
तुम्हारी आवाज़,
जो पढ़ना चाहते हैं
तुम्हारे शब्द।
पर लिखना ज़रूर
वतन के लिए भी,
उस मिट्टी के लिए
जिसकी खुशबू से
तुम्हारी साँसें जुड़ी हैं।
उन खेतों के लिए
जो हरियाली से लहलहाते हैं,
उन नदियों के लिए
जो चुपचाप सबका प्यासा मन भरती हैं।
लिखना उन गुमनाम शहीदों के लिए भी
जिनके नाम पत्थरों पर नहीं,
बल्कि हवाओं में दर्ज हैं।
लिखना ज़रूर
वतनपरस्तों के लिए—
जो अंधेरों में भी
दीपक की तरह जले,
जो गिरे हुए झंडे को
अपने लहू से उठा लें,
जिनके सपनों में
अब भी तिरंगा लहराता है।
तुम लिखना ज़रूर
अपने लिए भी,
अपने अंतर्मन की गहराइयों से
उगते शब्दों का
एक बाग लगाना—
जहाँ बैठकर
तुम पा सको खुद को,
पढ़ सको अपनी ही पंक्तियाँ,
गा सको अपने गीत
उस आनंद की लय पर
जिसकी तलाश है तुम्हें
प्रतिदिन, प्रतिपल।
No comments:
Post a Comment